टैक्स भरने में भी धोनी बने अव्वल

कोलकाता टाइम्स
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए सबसे ज्यादा टैक्स भरने वाले झारखंड के पहले शख्स बन गए हैं। धोनी ने 12.17 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। साल 2016-17 में धोनी ने 10.93 करोड़ रुपए टैक्स जमा किया था। धोनी 2013-14 में भी इस क्षेत्र से सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले शख्स थे। इसकी जानकारी रांची स्थित आयकर भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में प्रधान आयकर आयुक्त वी महालिंगम ने दी।
महालिंगम ने बताया कि आयकर विभाग 24 जुलाई को आयकर दिवस के रूप में मना रहा है। देश में 2017-18 में 10 लाख करोड़ से अधिक टैक्स मिले हैं। झारखंड में 2217 करोड़ रुपये आयकर मिला है। 2018-19 में कर का लक्ष्य 2560 करोड़ है। देश में इस वित्तीय वर्ष में 1.25 करोड़ नए करदाता को जोड़ने का लक्ष्य है। राज्य में 10 लाख नए करदाता जोड़ने का लक्ष्य है।
दूसरी तरफ फोब्स के मुताबिक सबसे ज्यादा कमाई के मामले में धोनी तीसरे नंबर पर आते हैं। पहले नंबर पर भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हैं। वहीं अगर साल 2017 में सबसे ज्यादा कमाई वाले सिलेब्रिटीस्ज की लिस्ट देखी जाए तो धोनी का नाम इस लिस्ट में आठवें नंबर पर आता है।