आलसियों का दिन है यह, बिस्तर लेकर सड़कों पर सोते हैं
[kodex_post_like_buttons]

कोलकाता टाइम्स
क्या हो, जब आप किसी सड़क से गुजर रहे हो और आपको बीच राह में कोई बिस्तर लगाए सोता हुआ दिखाई दे जाएं..? शायद वो नजारा देखकर आपको हैरानी हो। दरअसल, ऐसी स्थिति आपके लिए अजीबोगरीब हो सकती है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसे देश के बारे में बताएंगे जहां एक दिन ऐसा भी आता है जहां एक विशेष दिन पर लोग दुनियाभर के अलग-अलग देशों से आते हैं और बिस्तर लेकर सड़क पर सोते हैं।
दरअसल, यह सब यहां ‘वर्ल्ड लेजिनेस डे’ के दिन होता है। ये दिन आपके लिए अजीब जरूर हो सकता है मगर यकीन मानिए इस दिन को सेलिब्रेट करने के लिए यहां पूरी दुनियाभर के आलसी आते हैं और इस पर्व का हिस्सा बनते हैं।
ये एक ऐसा दिन है जिस पर इतागुई शहर आलसियों से भर जाता है। कह सकते हैं कि इस दिन लोग पूरा दिन बिस्तर पर आलस में डूबकर बिता सकते हैं। अगर आप भी इस दिन का आनंद लेना चाहते हैं तो तारीख जरूर नोट करके रख लें और अगले साल इस सेलिब्रेशन का लुत्फ उठाने कोलंबिया जरूर जाएं।
इस सेलीब्रेशन को मनाने के पीछे एक खास कारण जुड़ा हुआ है। ये बेहद रोचक है। कोलंबिया के लोग तनाव से लड़ने के लिए हर साल ‘आलस का दिन’ मनाते हैं। यह खास दिन कोई नया नहीं बल्कि 1985 से हर साल मनाया जा रहा है।
कोलंबिया के उत्तरपश्चिम में स्थित इतागुई शहर की आबादी करीब 2 लाख है। आज से 33 साल पहले एक निवासी मारियो मोंटोया को यह विचार आया था कि शहर में लोगों के पास आराम का एक दिन होना चाहिए। आलसियों के इस दिन में कुछ प्रतियोगिताएं भी होती हैं, जैसे किसका पजामा सबसे अच्छा दिख रहा है और कौन सबसे तेज बिस्तर पर पहुंचता है।