‘लालबागचा राजा’ के आने पर कोरोना ने कहा ‘नो एंट्री’

कोलकाता टाइम्स :
कोरोना वायरस का असर अब तीज-त्यौहार पर पड़ने लगा है। धरती पर भगवान के आगमन पर भी कोरोना ने नो एंट्री का बोर्ड लगा दिया है। महाराष्ट्र के सबसे मशहूर गणपति मंडलों में शुमार लालबागचा इस बार गणपति उत्सव नहीं मनाएगा। कोरोना महामारी को देखते हुए लालबागचा गणपति मंडल ने बुधवार को ये फैसला लिया। इस बार गणेश चतुर्थी 22 अगस्त से शुरू हो रही है।
मंडल के अधिकारियों का कहना है कि गणपति की लंबाई कम नहीं की जा सकती है। अगर छोटी मूर्ति भी लाई जाती है तो बप्पा के दर्शन के लिए भी बड़ी तादाद में लोग जमा होंगे। ऐसे में लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए इस साल न ही कोई मूर्ति होगी, न ही मूर्ति विसर्जन किया जाएगा।
लालबागचा मंडल इस बार गणपति उत्सव को आरोग्य उत्सव के तौर पर मनाएगा। इसके तहत ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जाएंगे। प्लाज्मा थेरेपी को प्रमुखता दी जाएगी। वहीं, कोरोना से मरने वाले पुलिसकर्मियों के परिवार की आर्थिक मदद भी की जाएगी।
बता दें कि लालबागचा का राजा मुंबई का सबसे अधिक लोकप्रिय सार्वजनिक गणेश मंडल है। लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल की स्थापना साल 1934 में हुई थी। यह मुंबई के लालबाग, परेल इलाके में स्थित है।