फोटो ने इस 19 साल की स्टार को पहुंचा दिया 10 साल के लिए जेल

कोलकाता टाइम्स :
ईरान की इंस्टाग्राम स्टार सहर तबर को अजीबोगरीब तस्वीरें ऑनलाइन पोस्ट करने को लेकर 10 साल की सजा मिली है। तबर का असली नाम फतेमेह खिशवंद है। 19 साल की तबर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर काफी लोकप्रिय है। इंस्टाग्राम पर उसके साढ़े चार लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। हालांकि, इसी बीच इस टीनएजर स्टार के अच्छे दिन अचानक एक बुरे सपने में बदल गए जब उसे सोशल मीडिया गतिविधियों के लिए गिरफ्तार किया गया।
तबर की सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसी कई अजीबोगरीब तस्वीरें हैं जिनमें वो बेहद डरावनी नजर आ रही है। तमाम फोटोज में भूत-प्रेत (zombie) की तरह दिख रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन चित्रों के जरिए तबर इस्लामी गणतंत्र का भी अनादर कर चुकी है।
तबर पर यह भी आरोप है कि उसने इन भयानक तस्वीरों के जरिए छोटे बच्चों के दिमाग को भी दूषित किया है।
तबर को 5 अक्टूबर, 2019 को ईरान में तीन अन्य इंस्टाग्राम इनफ्लुएंसर महिलाओं के साथ गिरफ्तार किया गया था। ईरान के लोकल मीडिया ने एक ट्वीट कर फतेमेह खिशवंद के सजा की खबर को सार्वजनिक किया है।