जहर खाकर जवान हुआ
[kodex_post_like_buttons]

कोलकाता टाइम्स :
क्या चूहों से आप भी परेशान हैं? अगर हां, तो उनसे निजात पाने के लिए चीन के इन महाशय की तरकीबों पर बिल्कुल अमल न कीजिएगा। यहां के झेजियांग प्रांत में एक व्यक्ति को एक चूहा बड़े दिनों से परेशान किए हुए था। हारकर उस व्यक्ति ने इससे छुटकारा पाने की सोची। लिहाजा मूंगफली और चावल के दानों में जहर लगाकर वह रोज इसी आस में बाहर जाता था कि वापस आने पर चूहा मरा मिलेगा। लौटने पर आशा के विपरीत रखी गई चीजें खत्म हुई रहती थीं, लेकिन चूहे की धमाचौकड़ी जारी रहती थी।
बेचारे उस आदमी ने यह क्रम निरंतर जारी रखा, लेकिन यह क्या! चूहा मरने की बजाय दिनोंदिन स्वस्थ और जवान होता गया। निराश होकर महाशय आजकल अपना ठिकाना बदलने की सोच रहे हैं। दरअसल, कीटनाशकों और जहरीले पदार्थों की हल्की खुराक के नियमित सेवन से किसी भी जीव में उस रसायन के प्रति प्रतिरोधी क्षमता विकसित हो जाती है। ऐसे मामले में जहर की ज्यादा मात्रा ही उस जीव पर असर कर सकती है।