ख़बर के अनुसार, ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनी, स्कोर ट्रेंड्स ने एक सर्वे किया, जिसमें सभी भाषाओं में छपने वाली ख़बरों के आधार पर रैंकिंग की गयी। इस सर्वे के लिए 14 भाषाओं में फेसबुक, ट्विटर, प्रिंट पब्लिकेशंस, सोशल मीडिया में वायरल होने वाली ख़बरों, ब्रॉडकास्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को शामिल किया गया। सर्वे के परिणाम ने सभी को चौंका दिया। आम सोच के विपरीत अनुष्का शर्मा 71.90 स्कोर के साथ अव्वल रहीं, जबकि 50.34 के साथ प्रियंका चोपड़ा दूसरे और 40.09 स्कोर के साथ दीपिका पादुकोण तीसरे स्थान पर रहीं। अपने तेज़ाबी बयानों और खुले विचारों के लिए ख़बरों में रहने वाली कंगना रनौत 31.78 स्कोर के साथ चौथे नंबर पर आयीं।
दिलचस्प बात ये है कि फेसबुक और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनुष्का, दीपिका और प्रियंका से काफ़ी पीछे हैं। ट्विटर पर अनुष्का के फॉलोअर्स की संख्या जहा 16 मिलियन है, वहीं दीपिका 23.6 मिलियन फॉलोअर्स रखती हैं, जबकि प्रियंका के फॉलोअर्स की तादाद 22.2 मिलियन है। फेसबुक पर अनुष्का शर्मा के पेज को लाइक करने वालों की संख्या 9 मिलियन से कुछ ज़्यादा है तो दीपिका और प्रियंका के पेज लाइक करने वालों की तादाद क्रमश: 34 मिलियन और 36 मिलियन है। बावजूद इसके अनुष्का सोशल मीडिया की सबसे प्रभावशाली फ़ीमेल सेलेब्रिटी हैं।
अनुष्का शर्मा ने 2008 में अपना करियर शाह रुख़ ख़ान के साथ रब ने बना दी जोड़ी जैसी फ़िल्म से शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आमिर ख़ान के साथ पीके और सलमान के साथ सुल्तान जैसी सुपर हिट फ़िल्मों में काम किया। फिर प्रोड्यूसर भी बन गयीं। हाल ही में उनकी होम प्रोडक्शन में बनी तीसरी फ़िल्म परी रिलीज़ हुई, जिसमें उन्होंने अभिनय भी किया। क्रिकेटर विराट कोहली से शादी ने भी अनुष्का को सोशल मीडिया में काफ़ी सपोर्ट किया है। अनुष्का अब वरुण धवन के साथ सुई धागा और शाह रुख़ के साथ ज़ीरो में नज़र आने वाली हैं।
स्कोर ट्रेंड्स सर्वे में इन अभिनेत्रियों के अलावा सनी लियोनी, सोनम कपूर, श्रद्धा कपूर, विद्या बालन, तापसी पन्नू और माधुरी दीक्षित भी के टॉप टेन में शामिल हैं।