दस्तक देती गर्मी ऐसे बचें

गर्मी का मौसम हमारे शरीर के पानी को लगभग निचोड़ सा लेता है। ऐसे में हमें जरूरत होती है अपने आहार में पानी की अधिक से अधिक मात्रा वाली चीजों को शामिल करने की। आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही फलों के बारे में जिन्हें अपने आहार में शामिल कर हम सब बच सकते हैं गर्मी की मार से।
तरबूज
तरबूज में मौजूद लगभग 90 प्रतिशत पानी और 10 प्रतिशत से भी कम शुगर इसे गर्मियों का सबसे बेहतर फल बनाती है। तरबूज सोडियम और पोटैशियम से भरपूर होता है। इसमें विटामिन सी, ए, बी-6 और बीटा कैरोटीन जैसे एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं। इसमें फाइबर भी काफी मात्रा में पाया जाता है। पानी की अधिक मात्रा के कारण ये त्वचा को अच्छी तरह से हाईड्रेट करता है। यदि गर्मी के मौसम में आप तुरंत ताजगी चाहती हैं तो तरबूज का सेवन करें। यह पेट के लिए भी लाभदायक है। बस एक बात का ध्यान रखें कि इसे ठंडा करके ही खाएं।
खरबूजा
गर्मियों का बादशाह कहा जाने वला फल खरबूजा बीटाकैरोटिन से भरपूर होता है। इसमें फाइबर भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। बीटाकैरोटिन शरीर में पहुंचकर विटामिन ए में परिवर्तित हो जाता है। खरबूजा आंखों और त्वचा के लिए भी काफी लाभदायक है। यह हड्डियों को मजबूत बनाता है। साथ ही पेट को साफ रखता है और कब्ज की समस्या को दूर करता है। अगर आप अपना वजन कम करना चाहती हैं तो सुबह के समय खरबूजे का नियमित सेवन करें। कारण, इसमें शुगर की मात्रा कम होती है और कैलोरीज भी काफी कम होती हैं। खरबूज में पाए जाने वाले विटामिन बी, सी, प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व किडनी को समस्या को दूर करने में सहायक होते हैं। साथ ही त्वचा संबंधी समस्याओं से भी राहत दिलाता है। खरबूजे के पोषक तत्व त्वचा को चमकदार बनाए रखने में मदद करते हैं। हार्ट संबंधी समस्याओं को दूर करने के साथ ही यह कैंसर से बचाव में भी सहायक है।
आम
फलों का राजा आम न सिर्फ हमारी टेस्ट बड्स को संतुष्ट करता है, बल्कि यह अमीनो एसिड्स, विटामिन ए, सी और ई, फ्लेवोनॉइड्स, नियासिन, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम और पोटैशियम आदि का अच्छा स्रोत है। पोटैशियम और बीटा-कैरोटीन से भरपूर होने के कारण यह त्वचा में रौनक लाता है। साथ ही कैंसर की रोकथाम में भी सहायक है। इसमें मिलने वाला विटामिन ए आंखों की रोशनी बढ़ाने में सहायक होता है। साथ ही यह आंखों संबंधी कई समस्याओं को दूर करने में सहायक है। आम शरीर का पाचनतंत्र भी सही करता है। आम अपने दोनों रूपों में फायदा करता है। कच्चे आम का पना बनाकर पीने से यह शरीर को कूल रखता है और शरीर के नुकसानदेह तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है। अध्ययनों से पता चला है कि आम शरीर की शक्ति भी बढ़ाता है।
लीची
गर्मी के मौसम में आने वाले इस फल में संतरे से 40 प्रतिशत अधिक विटामिन सी के साथ ही बीटा-कैरोटीन भी काफी मात्रा में मौजूद होता है। लीची में कॉपर, फॉस्फोरस काफी मात्रा में पाया जाता है। इसमें फोलेट्स, नियासिन, कोलाइन, राइबोफ्लेविन, थियामिन, विटामिन ई, के पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। लीची कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, मैंग्नीज, जिंक आदि पाया जाता है। लीची में मिलने वाले पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। साथ ही एंटीएजिंग का भी काम करती है। यह फ्री रेडिकल्स से लड़कर त्वचा को पोषण प्रदान करती है और त्वचा में रौनक लाती है। लीची पूरे शरीर में रक्त संचार को सही करती है। नियासिन और थियामिन बालों को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं।
पाइनएपल
पाइनएपल में ब्रोमेलेन और फाइबर काफी मात्रा में पाया जाता है। ब्रोमेलेन पाचन तंत्र को सही करता है और यह घावों को तेजी से भरने में सहायक है। यह हड्डियों को भी मजबूत बनाता है। इसमें विटामिन सी, बी 1, बी 6, मैंग्नीज, कॉपर, फोलेट, थियामिन, राइबोफ्लेविन, पैनथोथेनिक एसिड आदि प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। कम मात्रा में कैलोरी होने के कारण यह वजन कम करने में बहुत सहायक होता है। यह इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाता है, इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। अध्ययनों से पता चला है कि लीची में मिलने वाले फ्लेवोनॉइड्स लंग और मुंह के कैंसर से भी बचाव करते हैं। लीची हार्ट रेट और ब्लडप्रेशर को सही रखती है। लीची में मिलने वाले पोषक तत्व त्वचा को स्वस्थ रखते हैं।