June 3, 2024     Select Language
Editor Choice Hindi KT Popular धर्म

सावधान : मिसाइल की गति से खींचता है एमआरआई मशीन

[kodex_post_like_buttons]

कोलकाता टाइम्स :

मुंबई के एक अस्पताल में उपचाररत अपनी मां से मिलने गए राजेश मारू नाम के युवक की एमआरआई मशीन के चुंबकीय क्षेत्र में फंसने से मौत हो गई। हादसे के समय उसके हाथ में आक्सीजन का सिलिंडर था। दरअसल, एमआरआई मशीन मिसाइल जितनी गति से लोहे को अपनी ओर खींचती है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति लोहे का सिलेंडर लेकर मशीन के चुंबकीय क्षेत्र में प्रवेश कर जाए, तो वह उसे भी तेजी से अपनी ओर खींच लेगी। मुंबई में ऐसी एक घटना पहले भी हो चुकी है। दिल्ली के आरएमएल में भी एक बार ऐसा हुआ था, हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई थी।
फोर्टिस के रेडियॉलजिस्ट डॉक्टर अभिषेक बंसल का कहना है कि एमआरआई मशीन अपने आसपास इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड बनाती है। आजकल एमआरआई मशीन में 1.3 से 3 टैक्सला मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण ताकत से 20 से 40 हजार गुना ज्यादा तेजी से चीजों को खींचने की शक्ति होती है। इंडियन रेडियॉलजी एंड इमेज असोसिएशन की दिल्ली ब्रांच के उपाध्यक्ष डॉक्टर राहुल सचदेव ने कहा कि एमआरआई मशीन का चुंबक कभी बंद नहीं होता। अगर मशीन से जुड़ा कंप्यूटर बंद भी कर दिया जाए तो भी मशीन काम करती रहती है। उन्होंने बताया कि इससे पहले मुंबई में टाटा हॉस्पिटल में भी ऐसी ही घटना हो चुकी है।
इस बारे में एशियन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के रेडियॉलाजी विभाग के एचओडी डॉक्टर संदीप माखन ने बताया कि एमआरआई रूम में हमेशा धातु की चीजों को बाहर रखने के लिए बोला जाता है। यहां तक कि अगर किसी को पेसमेकर लगाया जाता है तो उसका एमआरआई नहीं होता है। इसकी वजह होती है कमरे के अंदर मैग्नेटिक स्ट्रेंथ।

डॉक्टरों की मानें तो एमआरआई रूम में चुंबकीय क्षेत्र तुरंत बंद नहीं हो सकता। चुंबकीय शक्ति कम होने में कई घंटे लग जाते हैं। तब तक इंसान मशीन से चिपका ही रहता है।

Related Posts