फरार दुल्हन : भागने के बाद वापस आकर खुद लौटाया पूरे जेवर, क्योंकि …
कोलकाता टाइम्स :
एक दुल्हन शादी के 4 दिन बाद गहने लेकर फरार हो गई। लेकिन कुछ ऐसा हुआ कि ससुराल से भागने के बाद दुल्हन को वापस लौटना पड़ा और वो भी पूरे जेवर के साथ। उसने पूरे जेवर अपने ससुराल के लोगों को वापस किए लेकिन ससुराल में रहने से मना कर दिया।
दरअसल, मुरैना जिले के खेरिया गांव में रहने वाली सुरजीत माहौर की शादी तुस्सीपुरा गांव में रहने वाली ज्योति माहौर के साथ 8 मई को हुई थी। शादी के दो तीन दिन बाद ज्योति अपने मायके चली गई और कुछ दिन बाद वापस ससुराल आ गई। लेकिन 13 मई की रात अचानक ज्योति पूरे गहने लेकर घर से भाग गई। सुरजीत और उसके परिजनों ने ज्योति को बहुत खोजा। लेकिन जब वह नहीं मिली तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। जिसके बाद लुटेरी दुल्हन का यह पूरा मामला सुर्खियों में आया।
लेकिन मामले में नया मोड़ तब आया जब ज्योति वापस अपने ससुराल लौट आई और सीधे पुलिस थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि वो खुद ही घर से चली गई थी। वो किसी के साथ नहीं भागी थी, पुलिस के मुताबिक दुल्हन ज्योति माहौर ने बताया कि वो 10वीं क्लास तक पढ़ी है। वह ओर आगे भी पढ़ना चाहती थी, लेकिन उसके घरवालों ने उसकी शादी कर दी। जिसके चलते वो ससुराल से भाग कर दिल्ली चली गई थी।
लेकिन जब मीडिया में चली खबरों के मुताबिक उसे लुटेरी दुल्हन बताया गया तो वह वापस लौट आई। ज्योति ने बताया कि वह आगे पढ़ना चाहती है। लेकिन उसके ससुराल वाले उसे पढ़ाने को तैयार नहीं थे।